MP News: स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट का खुलासा, 5 कमरों में मिले युवक-युवतियां पुलिस ने ग्राहक बनकर की छापेमारी, चार गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल।
पिपलानी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी स्थित पिंक वाइव्स स्पा सेंटर में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शनिवार रात ग्राहक बनकर स्पा सेंटर में प्रवेश किया और गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान स्पा के नौ कमरों में से पांच कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक परिस्थितियों में मिले।

पुलिस ने मौके से 8,800 रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों—भुवन सिंह चंदेल, दीपक ठाकुर, पंकज त्रिपाठी और देवीसिंह रजक को गिरफ्तार किया है।

ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस टीम

एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रपुरी स्थित स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा। अंदर संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पांच कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से वहां मौजूद महिलाओं से पूछताछ की गई। मौके से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने की पुष्टि की।

कमीशन के आधार पर होता था कमाई का बंटवारा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर से होने वाली कमाई में आरोपियों को अलग-अलग प्रतिशत के हिसाब से कमीशन दिया जाता था। पुलिस के अनुसार भुवन सिंह चंदेल को 20 प्रतिशत, दीपक ठाकुर को 10 प्रतिशत, पंकज त्रिपाठी को 15 प्रतिशत और देवीसिंह रजक को 5 प्रतिशत कमीशन मिलता था।

अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में स्पा सेंटर के संचालन, इसमें शामिल अन्य लोगों और देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post