दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कानपुर। महाराजपुर क्षेत्र में दो दिन पहले हुई 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में किशोर की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है। मामले में पुलिस ने मृतक की मां को हिरासत में लिया है, जबकि उसके कथित साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे किशोर ने घर में अपनी मां और उसके कथित साथी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। आरोप है कि किशोर ने इसका विरोध किया और पिता को पूरी घटना बताने की बात कही। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मां और उसके साथी ने किशोर के साथ मारपीट की तथा उसका गला दबा दिया।
पेट दर्द से मौत बताकर गुमराह करने का आरोप
घटना के बाद मां ने ग्रामीणों को बताया कि किशोर को अचानक पेट में दर्द हुआ था और इसके बाद उसकी मौत हो गई। आरोप है कि परिवार के छोटे बेटे से भी यही बात बताई गई। हालांकि, ग्रामीणों ने किशोर के चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान देखे तो उन्हें संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
कथित साथी ने आत्महत्या की कोशिश की
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद किशोर की मां का कथित साथी अपने घर पहुंचा और फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने उसे बचा लिया, लेकिन इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतक के पिता गुजरात की एक निजी फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह शुक्रवार शाम कानपुर पहुंचे। पुलिस मामले में मां से पूछताछ कर रही है और कथित साथी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags
national
