MP News: सोते समय हुआ तेज धमाका, कमरे की टाइल्स 2 फीट नीचे धंसी, जांच में जुटे निगम अधिकारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। गांधी नगर इलाके में शनिवार रात नगर निगम की तीन मंजिला मल्टी के एक मकान में अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। घर में कन्हैया अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सो रहे थे। इसी दौरान तेज धमक की आवाज सुनाई दी। लाइट जलाने पर कमरे की टाइल्स करीब 1 से 2 फीट तक नीचे धंसी हुई दिखाई दीं। गहरा गड्ढा देखकर परिवार घबरा गया और तुरंत घर से बाहर निकल आया।

घटना गांधी नगर पेट्रोल पंप के पास स्थित नगर निगम की मल्टी की है। कन्हैया पुत्र सुनील ने बताया कि अचानक तेज आवाज हुई। उन्हें लगा कि शायद भूकंप आया है। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो जमीन धंस चुकी थी। इसके बाद उन्होंने बच्चों समेत घर खाली कर दिया।

तीन मंजिला बिल्डिंग में रहते हैं 9 से ज्यादा परिवार

बताया जा रहा है कि तीन मंजिला इस बिल्डिंग में 9 से ज्यादा परिवार रहते हैं। एक मकान में जमीन धंसने की घटना के बाद पूरी मल्टी में रहने वाले परिवारों में दहशत का माहौल है। आसपास भी करीब 10 से 12 मल्टियां बनी हुई हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं।

रविवार सुबह नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित हिस्से की मरम्मत कराने की बात कही।

चूहों से जमीन खोखली होने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिल्डिंग के आसपास काफी खाली जमीन है और यहां चूहों की संख्या भी अधिक है। आशंका जताई जा रही है कि चूहों के कारण जमीन अंदर से खोखली हुई होगी और बारिश के बाद मिट्टी कमजोर होने से जमीन धंस गई।

हालांकि, जमीन धंसने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि नगर निगम की जांच के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post