दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा बाजार में पुराने स्टेट बैंक के पास जवाहर लाल सेन के कच्चे मकान में पिछले तीन दिनों से सांप की मौजूदगी से परिवार में दहशत का माहौल था। करीब ढाई फीट लंबा बादामी रंग का सांप कभी वॉशरूम, कभी रसोई तो कभी बिस्तर के पास दिखाई दे रहा था। परिवार के सदस्य लगातार डर के साए में रह रहे थे।
रविवार सुबह करीब 10 बजे जवाहर लाल सेन ने सर्प एवं वन्य प्राणी विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को सूचना दी। सूचना मिलते ही गजेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया। सांप के पकड़े जाने के बाद सेन परिवार ने राहत की सांस ली।
जहरीला नहीं, लेकिन बेहद आक्रामक
विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे के अनुसार, पकड़ा गया सांप गनैता प्रजाति का बुल स्नेक है। यह जहरीला नहीं होता, लेकिन इसका स्वभाव काफी आक्रामक माना जाता है। छेड़ने या खतरा महसूस होने पर यह हमला कर सकता है। उन्होंने बताया कि इसके करीब 50 दांत होते हैं। यह मुख्य रूप से छिपकली, चिड़िया के अंडे और चूहों के बच्चों को अपना भोजन बनाता है।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।
उमस में घरों के आसपास छिपते हैं सांप
गजेंद्र दुबे ने लोगों से अपील की कि उमस और बारिश के मौसम में सांप अक्सर ईंट, गिट्टी और कचरे के ढेर में छिप जाते हैं। इसलिए घर के आसपास साफ-सफाई रखें, नालियों में फिनाइल डालें और दीवारों की दरारों को बंद करें।
उन्होंने कहा कि घर में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल सर्प विशेषज्ञ या संबंधित विभाग को सूचना दें।
Tags
jabalpur
