दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिसनहारी मढ़िया के पास स्कूटी सवार महिला को चाकू दिखाकर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आजाद नगर सूपाताल निवासी दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 5 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात (वजन लगभग 33.27 ग्राम), घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद कर लिया गया है।
जन्मदिन की पार्टी से लौट रही महिला को बनाया था निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यू शास्त्री नगर तिलवारा निवासी आरती ठाकुर (37 वर्ष) ने गढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादिया ने बताया कि वह 11 सितंबर 2026 की रात लगभग 9:45 बजे अपनी मां के साथ स्कूटी से गढ़ा सामुदायिक भवन से जन्मदिन की पार्टी से लौट रही थी। पिसनहारी मढ़िया के पास पीछे से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे गाड़ी अड़ा दी।
जब आरती ने विरोध किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी और डर का फायदा उठाकर आरती के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र छीनकर मेडिकल कॉलेज की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गढ़ा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखे संदिग्धों की पहचान के बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आजाद नगर सूपाताल निवासी राकेश झारिया (26) और सलमान शाह (22) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन, मंगलसूत्र का पैंडिल और मंगलसूत्र की चेन के टुकड़े (कुल वजन 33.27 ग्राम), घटना में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। गढ़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
Tags
jabalpur
