Jabalpur News: बगदरी वाटरफॉल में बर्बरता, चोरी के शक में दो मासूमों को पीटा, कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो; सोशल मीडिया पर वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र स्थित बगदरी फॉल में चोरी के शक में करीब 12 साल के दो नाबालिग बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने बच्चों को थप्पड़ मारे, उनके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पाटन निवासी दोनों नाबालिग बुधवार को बगदरी फॉल घूमने गए थे। इसी दौरान दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से कुछ युवक बाइक से वाटरफॉल पहुंचे। युवकों ने अपने कपड़े और सामान एक स्थान पर रखा और नहाने चले गए। इसी दौरान वहां मौजूद दोनों बच्चों पर कपड़ों से रुपए निकालने का आरोप लगाया गया।

आरोप है कि युवकों ने चोरी के शक में दोनों बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बच्चे बार-बार खुद को निर्दोष बताते हुए “छोड़ दीजिए भैया, हमने चोरी नहीं की” कहते रहे, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ मारपीट जारी रही।

बताया जा रहा है कि युवकों ने दोनों बच्चों के कपड़े उतरवा दिए और उन्हें निर्वस्त्र अवस्था में घुमाते हुए वीडियो बनाया। वीडियो में बच्चे लगातार चोरी करने से इनकार करते हुए अपने पिता को फोन लगाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। बच्चों का कहना था कि जमीन पर रखे रुपए उनके ही हैं, लेकिन युवकों ने उनकी बात नहीं मानी।

बच्चों ने आरोप लगाया कि युवकों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। साथ ही उनसे शराब के लिए रुपए मांगने की बात भी सामने आई है। इस दौरान एक युवक कथित तौर पर पूरी घटना का वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड करता रहा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वीडियो में दो नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और उन्हें निर्वस्त्र किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले की जांच के निर्देश पाटन थाना प्रभारी को दिए गए हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post