श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान, नोज क्षतिग्रस्त; सभी यात्री सुरक्षित

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) श्रीनगर। श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो का एक विमान पार्किंग के दौरान खंभे से टकरा गया। हादसे में विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार करीब 200 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) शुक्रवार सुबह नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची थी। विमान को करीब सुबह 9 बजे बे नंबर-6 पर पार्किंग के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान विमान का अगला हिस्सा विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल से टकरा गया।

करीब एक फुट अंदर धंसी विमान की नोज

टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान की नोज का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर करीब एक फुट तक अंदर चला गया। हादसे के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

VDGS पोल से हुआ हादसा

जिस खंभे से विमान टकराया, वह VDGS सिस्टम का हिस्सा है। यह सिस्टम विमान को पार्किंग बे में सही सेंटरलाइन पर लाने और निर्धारित स्थान पर रोकने में पायलट की मदद करता है। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। विमान के अलाइनमेंट में गड़बड़ी, मानवीय भूल, विजिबिलिटी, VDGS में तकनीकी खराबी या पार्किंग के दौरान गति और ब्रेकिंग से जुड़ी समस्या समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट का संचालन सामान्य

घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बताया गया है और अन्य उड़ानें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post