दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार सुबह चलती बाइक पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात निशातपुरा पुलिस चौकी के सामने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी इलाके में हुई। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने बीच में बैठे अपने दोस्त के सिर में पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रूप में हुई है। वह पेंटरी का काम करता था। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से 32 बोर का एक खाली खोखा मिला है।
मछली पकड़ने जा रहे थे तीन दोस्त
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह ताशी अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से मछली पकड़ने जा रहा था। बाइक तीसरा साथी चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम उर्फ अल्लू पीछे बैठा था। इसी दौरान अलीम ने पिस्टल निकाली और ताशी के सिर में गोली मार दी।
फायरिंग के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी फरार हो गया।
आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद बाइक चला रहा युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्यूरी भेज दिया। वारदात के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
महिला से बातचीत को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी अलीम अमन कॉलोनी में रहने वाली एक महिला को अपनी बहन मानता था। ताशी उस महिला से बातचीत करता था, जिसे लेकर अलीम नाराज था। करीब 15 दिन पहले दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट के दौरान ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था।
बाद में दोनों के बीच समझाइश के बाद राजीनामा हो गया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते ताशी की हत्या की है।
आरोपी की तलाश में दबिश
निशातपुरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अलीम उर्फ अल्लू की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Tags
madhya pradesh
