Jabalpur News: सिंधी कैंप में युवती पर चाकू से हमला, पड़ोसी युवक ने दी थी जान से मारने की धमकी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपए मांगने और इनकार करने पर एक युवती पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार सिंधी कैंप हनुमानताल निवासी शिवानी रैदास (26) ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी तुषार जाटव उसके घर के सामने आया और शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगने लगा।

शिवानी ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा। युवती ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से उसके बाएं हाथ की कोहनी में चोट आई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर हनुमानताल थाना पुलिस ने आरोपी तुषार जाटव के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1) और 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post