MP News: भोपाल में नाबालिग प्रेमिका के साथ फंदे पर मिला नेपाली युवक का शव, दोस्त को भेजा था भावुक ऑडियो मैसेज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अरेरा कॉलोनी इलाके में एक युवक और उसकी नाबालिग प्रेमिका के शव बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान अमन सारूमगर (22), पिता तारा बहादुर, निवासी मूल रूप से नेपाल के रूप में हुई है। उसके साथ मिली किशोरी की उम्र 16 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

दोस्त को भेजा था भावुक ऑडियो मैसेज

जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले गुरुवार रात करीब 8 बजे अमन ने अपने दोस्त आर्यन को मोबाइल पर एक ऑडियो मैसेज भेजा था। मैसेज में उसने भावुक होते हुए कहा, “लव यू मेरे भाई, तूने आज तक जो किया मेरे लिए बहुत कुछ किया। तेरा एहसान मेरे ऊपर रहेगा। जा रहा हूं, अलविदा।”

ऑडियो मैसेज सुनने के बाद दोस्त आर्यन को अनहोनी की आशंका हुई। वह तुरंत अमन के कमरे पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अमन और उसकी नाबालिग प्रेमिका फंदे पर लटके हुए मिले। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

परिवार के नेपाल जाने के बाद अकेला रह रहा था युवक

पुलिस के मुताबिक, अमन अरेरा कॉलोनी के ई-7 क्षेत्र स्थित मकान नंबर 57 के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। उसकी मां इसी बंगले में खाना बनाने का काम करती थीं। अमन और उसके पिता 11 नंबर स्थित गणेश मंदिर के पास फास्ट फूड का ठेला लगाते थे।

बताया गया है कि अमन का परिवार करीब एक सप्ताह पहले नेपाल गया था। परिवार के बाहर जाने के कारण वह यहां अकेला रह रहा था। घटना वाले दिन गुरुवार शाम उसने अपने दोस्त आर्यन से शराब लाने के लिए कहा था। आर्यन शराब देने के बाद अपने कमरे पर लौट गया था। इसके कुछ समय बाद अमन ने उसे ऑडियो मैसेज भेजा।

इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोस्ती

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमन और किशोरी की दोस्ती करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वे रिलेशनशिप में आ गए थे।

किशोरी भोपाल के हबीबगंज क्षेत्र की रहने वाली थी और दसवीं कक्षा में पढ़ती थी। बताया गया है कि वह अपने परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके पिता कपड़े की दुकान पर सेल्समैन का काम करते हैं। परिवार में उसका एक बड़ा भाई भी है।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी प्रेगनेंसी टेस्ट किट की तस्वीर

जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले अमन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रेगनेंसी टेस्ट किट की तस्वीर पोस्ट की थी। हालांकि, इस तस्वीर का घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने भी इसे आत्महत्या का कारण घोषित नहीं किया है। इस पहलू सहित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी भेजा गया है। जांच अधिकारी सी. अजय दुबे के मुताबिक, शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस दोनों के संबंधों, घटना से पहले की परिस्थितियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही घटना के संबंध में अधिक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post