MP News: बेटे के जन्म की खुशी में हर्ष फायरिंग, कट्टे के छर्रे से 15 साल का छात्र घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। उनाव थाना क्षेत्र के ग्राम कामद में बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। रविवार शाम हुई फायरिंग में 10वीं कक्षा का 15 वर्षीय छात्र घायल हो गया। कट्टे से चली गोली के छर्रे छात्र के दाहिने घुटने में लगे।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कामद निवासी प्रहलाद वंशकार के घर बेटे के जन्म की खुशी में कार्यक्रम चल रहा था। रविवार शाम करीब 4:30 बजे घर के बाहर अभिषेक वंशकार ने कथित तौर पर कट्टे से फायर किया। इस दौरान निकले छर्रे वहां मौजूद छात्र अभिषेक पिता हरदयाल अहिरवार के घुटने में जा लगे।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद परिजन घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक वंशकार के खिलाफ धारा 110 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी अंशुल अरोड़ा ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post