MP News: ट्रैक्टर छुड़ाने बीजेपी विधायक ने दिया 10 घंटे धरना, आधी रात तक मनाते रहे कलेक्टर-एसपी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सतना। चित्रकूट से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार एक आदिवासी किसान का जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए सोमवार को मझगवां रेंज ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुआ धरना रात 12 बजे तक चला। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह मौके पर पहुंचे और विधायक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई पर अड़े रहे।

दरअसल, मझगवां वन विभाग की टीम ने कररिया बीट के चुनहाहार वन क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध जुताई के आरोप में एक किसान का बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त किया था। किसान ने मामले की जानकारी विधायक गहरवार को दी, जिसके बाद विधायक रेंज ऑफिस पहुंचे। वन विभाग द्वारा कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ट्रैक्टर छोड़ने से इनकार करने पर विधायक ने धरना शुरू कर दिया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मौके पर जमीन से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रकरण दर्ज किया गया है और ट्रैक्टर जब्त किया गया है। विभाग का कहना है कि नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वाहन छोड़ा जा सकता है।

विधायक के धरने की सूचना मिलने पर कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भी विधायक धरने से नहीं उठे। देर रात सीएम हाउस से फोन आने के बाद विधायक ने बातचीत की और मामले की जांच के आश्वासन पर करीब 10 घंटे बाद धरना समाप्त किया।

रेंजर रंजन सिंह परिहार के मुताबिक, वन भूमि पर अवैध जुताई की सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई की थी। वहीं चित्रकूट एसडीओ अभिषेक तिवारी ने कहा कि ट्रैक्टर को कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना छोड़ा नहीं जा सकता।

Post a Comment

Previous Post Next Post