MP News: इंदौर में ट्रक से सड़क पर गिरा केमिकल, राहगीरों की आंखों में जलन-खुजली; फायर ब्रिगेड ने 5 हजार लीटर पानी से सड़क की सफाई की

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के लसूडिया इलाके में शनिवार दोपहर एक ट्रक से केमिकल सड़क पर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। केमिकल के संपर्क में आने के बाद वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने आंखों में जलन और खुजली की शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

विजय नगर एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, लसूडिया थाने के सामने पंचवटी इलाके से एक ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक से केमिकल सड़क पर गिर गया। इसके संपर्क में आने से राहगीरों को परेशानी होने लगी।

5 हजार लीटर पानी से सड़क साफ

घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। प्रभावित सड़क पर करीब 5 हजार लीटर पानी डालकर केमिकल को साफ किया गया, ताकि राहगीरों को आगे परेशानी न हो।

मांगलिया की ओर जा रहा था ट्रक

पुलिस के अनुसार, ट्रक मांगलिया की ओर जा रहा था। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि ट्रक में कौन-सा केमिकल भरा था और वह सड़क पर किस वजह से गिरा। पुलिस ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post