MP में कमर्शियल गैस सिलेंडर ₹65 तक महंगा, रीवा में सबसे ज्यादा रेट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। तेल कंपनियों ने 1 अक्टूबर से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। मध्य प्रदेश में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम ₹62.50 से ₹65 तक बढ़े हैं। नई कीमतों के मुताबिक भोपाल में सिलेंडर ₹2,815, इंदौर में ₹2,919, जबलपुर में ₹3,030, ग्वालियर में ₹3,037 और उज्जैन में ₹2,980 में मिलेगा। प्रदेश में सबसे ज्यादा कीमत रीवा में है, जहां सिलेंडर ₹3,066 का हो गया है।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव नहीं

14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भोपाल में घरेलू सिलेंडर ₹947.50, इंदौर में ₹970, जबलपुर में ₹948.50, ग्वालियर में ₹1,025.50 और उज्जैन में ₹1,001.50 में मिल रहा है।

होटल-रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ेगा असर

कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का खर्च बढ़ सकता है। रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ समय में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव रहा है। गैस की बढ़ती लागत का असर खाद्य पदार्थों की लागत पर भी पड़ सकता है।

शादी और कैटरिंग का बजट बढ़ सकता है

कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का असर शादी समारोहों की कैटरिंग पर भी पड़ने की संभावना है। कारोबारियों के मुताबिक, दीपावली के बाद शादी का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में ईंधन की बढ़ी लागत से कैटरिंग के कुल बजट में अंतर आ सकता है।

26 जिलों में कीमत ₹3 हजार के पार

मध्य प्रदेश के 26 जिलों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3,000 या उससे अधिक हो गई है। रीवा में सबसे ज्यादा ₹3,066, सिंगरौली में ₹3,064, सतना और नरसिंहपुर में ₹3,063.50, कटनी में ₹3,062.50 और पन्ना में ₹3,061 कीमत दर्ज की गई है। वहीं शाजापुर और सीहोर में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹2,822 हो गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post