दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल के वार्ड-35 की कांग्रेस पार्षद शिरीन खान ने क्षेत्र में हो रही गंदे पानी की सप्लाई को लेकर नगर निगम पर सवाल उठाए हैं। पार्षद ने गंदे पानी से भरी बोतल और बाल्टी दिखाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल किया कि क्या इस तरह का पानी पीने लायक है?
पार्षद के मुताबिक, उनके घर में पिछले चार दिनों से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। उन्होंने इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
शिरीन खान का कहना है कि अधिकारियों से शिकायत करने पर हर बार जांच कराने का आश्वासन दिया गया। उन्हें बताया गया कि अगले दिन टीम मौके पर पहुंचकर पानी की जांच करेगी, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी अधिकारी जांच करने नहीं पहुंचे।
पार्षद ने वीडियो में गंदे पानी की बोतल दिखाते हुए कहा कि यह पानी पीने तो दूर, हाथ धोने के लायक भी नहीं है। उन्होंने नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब नागरिकों से टैक्स लिया जाता है, तो उन्हें साफ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना भी नगर निगम की जिम्मेदारी है।
पार्षद ने मांग की है कि नगर निगम के अधिकारी मामले की जांच कर गंदे पानी की सप्लाई का कारण पता लगाएं और समस्या का जल्द समाधान करें।
Tags
madhya pradesh

