दिल्ली पुलिस ने MP के तीन युवकों को ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के आरोप में पकड़ा, मंदिर-ढाबे और सैन्य कैंप की रेकी का दावा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में टीकमगढ़ जिले के नेगुवां निवासी अनमोल राय (24), ग्वालियर के डबरा निवासी राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) शामिल हैं। तीनों को उनके गांवों से गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और दिल्ली में मजदूरी कर चुके हैं। उनके मोबाइल फोन की जांच में संदिग्ध नंबरों पर ऑडियो और वीडियो कॉल, सोशल मीडिया के जरिए संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें पाकिस्तान भेजने और कई संदिग्ध ई-मेल मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के बदले आरोपियों को क्या मिला था।

मंदिर और ढाबे को बनाया था निशाना

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के दौरान विभिन्न राज्यों से शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 9 संदिग्ध ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि मॉड्यूल से जुड़े एक आरोपी ने दिल्ली के ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की और परिसर की तस्वीरें पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजीं।

पुलिस का दावा है कि मंदिर में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाकर फायरिंग से दहशत फैलाने की योजना थी। इसके अलावा दिल्ली-सोनीपत हाईवे स्थित एक प्रसिद्ध ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का टास्क भी दिए जाने की बात सामने आई है।

हिसार के सैन्य कैंप की भी रेकी का आरोप

जांच में हरियाणा के हिसार स्थित सैन्य कैंप और आसपास के इलाकों की रेकी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कैंप और आसपास के वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर्स को भेजे गए थे। उत्तर प्रदेश के कुछ थानों को भी मॉड्यूल के निशाने पर रखने की बात जांच में सामने आई है।

स्पेशल सेल अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कथित मॉड्यूल के अन्य सदस्यों, फंडिंग और सीमा पार संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post