दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की चार वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पुराने बर्तन और दो पिकअप वाहन समेत करीब 25 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
सूने मकान से जेवर और नकदी चोरी का खुलासा
पुलिस के मुताबिक अमन नगर निवासी सगीर अहमद के घर में 31 अगस्त की रात चोरी हुई थी। परिवार शादी समारोह में गया था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर तथा करीब 2.75 लाख रुपए नकद गायब थे। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नूरूद्दीन अंसारी उर्फ अज्जू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
इसी तरह अमन नगर के एक अन्य सूने मकान से फ्रिज, कूलर, गीजर, बर्तन, पंखे, इलेक्ट्रॉनिक सामान, केबल और अन्य सामग्री चोरी करने की वारदात का भी खुलासा हुआ। इस मामले में नूरूद्दीन के साथ मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर सोने के पेंडिल, नथ, झुमकी, टीका, लौंग सहित चांदी के जेवर, पायल, पाजेब, कड़े, अंगूठी, फ्रिज और पुराने बर्तन बरामद किए गए।
पिकअप चोरी में वाहन चालक समेत दो गिरफ्तार
एक अन्य मामले में त्रिमूर्तिनगर स्थित राम मंदिर के पास खड़ी टाटा इंट्रा पिकअप चोरी कर ली गई थी। जांच में पुलिस ने राजू उर्फ रामगोपाल साहू को पकड़ा। पूछताछ में उसने वाहन चालक सौरभ दहिया के साथ मिलकर चोरी की साजिश करना स्वीकार किया। दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई टाटा इंट्रा पिकअप रीवा जिले में उड़क़ी टोल टैक्स के आगे एक ढाबे के पास से बरामद की गई। वहीं, एक अन्य चोरी की गई बोलेरो पिकअप को पुलिस ने खजरी खिरिया के पास से बरामद किया।
दो आरोपी पहले से दर्जनों मामलों में शामिल
पुलिस के अनुसार नूरूद्दीन अंसारी उर्फ अज्जू के खिलाफ गोहलपुर, हनुमानताल, कोतवाली, आधारताल, ओमती और लार्डगंज थानों में नकबजनी, चोरी, मारपीट और अवैध हथियार सहित 11 अपराध दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद इरशाद के खिलाफ गोहलपुर, कोतवाली और हनुमानताल थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार सहित 5 मामले दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
Tags
jabalpur
