दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि करीब 20-21 वर्ष का एक युवक जीरो डिग्री बायपास के पहले आम रोड पर ट्रांसफार्मर के पास स्थित छोटी पुलिया के नजदीक खड़ा है। उसके पास पिस्टल है, जिसे उसने अपनी फुलपेंट की जेब में रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां मुखबिर के बताए हुलिए का युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश कुशवाहा (21), निवासी ग्राम मंगेली-मंगेला, थाना माढ़ोताल बताया।
तलाशी लेने पर उसकी जींस की बाईं जेब से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की जांच करने पर उसकी मैगजीन में तीन कारतूस लोड मिले। पुलिस ने पिस्टल और तीनों कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने अवैध पिस्टल और कारतूस कहां से हासिल किए और इन्हें रखने का उद्देश्य क्या था। आरोपी को अवैध हथियार के साथ पकड़ने में प्रधान आरक्षक अंदेश त्रिपाठी, शिवम पांडे और मुन्ना अस्के की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
