Jabalpur News: महिलाओं के विवाद के बाद पड़ोसी की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, शराब पीकर बनाया हत्या का प्लान, रात में घर में घुसकर कुल्हाड़ी से किया हमला; जंगल में छिपे थे आरोपी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में 49 वर्षीय जगदीश प्रसाद गौड़ की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पड़ोसी महिलाओं के बीच हुए विवाद के बाद आरोपियों में रंजिश पैदा हुई थी। इसी के चलते अग्नेयू विश्वकर्मा ने अपने दोस्त परीवा बैगा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार 30 सितंबर की रात करीब 1 बजे अग्नेयू विश्वकर्मा और परीवा बैगा कुल्हाड़ी लेकर जगदीश के घर पहुंचे। दोनों ने घर में घुसकर जगदीश के सीने पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

झाड़ू लगाने के दौरान महिलाओं में हुआ था विवाद

जगदीश और अग्नेयू पड़ोसी थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की पत्नियों के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे। करीब एक सप्ताह पहले घर के बाहर झाड़ू लगाने को लेकर दोनों महिलाओं के बीच विवाद हुआ था। गाली-गलौज के दौरान अग्नेयू की पत्नी ने जगदीश की पत्नी को थप्पड़ मारकर धक्का दे दिया था।

घटना के समय जगदीश वहां मौजूद था। उसने अग्नेयू की पत्नी को गाली दी। बाद में जब अग्नेयू काम से घर लौटा तो पत्नी ने उसे घटना की जानकारी दी। इसके बाद जगदीश और अग्नेयू के बीच भी विवाद हुआ। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को शांत कराया, लेकिन इसके बाद से अग्नेयू जगदीश से नाराज था।

दोस्त के साथ बनाई हत्या की योजना

पुलिस के मुताबिक घटना से करीब 15 दिन पहले जगदीश की पत्नी मजदूरी के लिए जबलपुर चली गई थी। इसके बाद जगदीश घर पर अकेला रह रहा था। इसी दौरान अग्नेयू ने अपने दोस्त परीवा बैगा के साथ मिलकर जगदीश की हत्या की योजना बनाई।

30 सितंबर की रात अग्नेयू ने परीवा को अपने घर बुलाया। दोनों ने शराब पी और खाना खाया। इसके बाद कुल्हाड़ी लेकर रात करीब 1 बजे जगदीश के घर पहुंचे और उसकी हत्या कर दी।

महिला ने दोनों आरोपियों को कुल्हाड़ी के साथ देखा

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए कुंडम भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान जगदीश के घर के सामने रहने वाली द्रोपदी बाई ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी।

द्रोपदी बाई ने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात उसने अग्नेयू और परीवा को जगदीश के घर से बाहर निकलते देखा था। दोनों के हाथों में खून लगी कुल्हाड़ी थी। महिला ने बताया कि वह डर के कारण तत्काल किसी को कुछ नहीं बता सकी।

जंगल में छिपकर बच रहे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद दोनों आरोपी गांव से फरार होकर आसपास के जंगल में छिप जाते थे। कल्याणपुर गांव जंगल के नजदीक होने के कारण पुलिस के पहुंचने पर आरोपी घने जंगल में भाग जाते थे।

रविवार को बघराजी चौकी और कुंडम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में अग्नेयू ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि जगदीश अक्सर उसे रास्ते में गाली देता था और समझाने के बावजूद नहीं मानता था। इसी बात से परेशान होकर उसने परीवा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post