Jabalpur News: पत्नी और बच्चा लापता हुए तो युवक ने साढ़ू को किया अगवा, कमरे में बांधकर पीटा; पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर छुड़ाया

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पत्नी और बच्चे के एक सप्ताह से लापता होने से परेशान युवक ने उसके बारे में जानकारी हासिल करने के लिए अपने साढ़ू को ही अगवा कर लिया। आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर उसे शराब पिलाई और एक्टिवा से परसवाड़ा, धनवंतरी नगर स्थित एक कमरे में ले जाकर हाथ-पैर बांधकर मारपीट की। पीड़ित की पत्नी की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर उसे सकुशल छुड़ा लिया।

मामले में पुलिस ने कृष्णा राजौरिया और उसके भाई आयुष राजौरिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कृष्णा की पत्नी अंजली अपने बच्चे के साथ करीब एक सप्ताह से लापता है। कृष्णा को शक था कि उसकी बड़ी बहन काजल और उसके पति रोहित कोल को अंजली के बारे में जानकारी है।

रविवार शाम कृष्णा ने रोहित को मिलने के लिए बुलाया। वहां उसे शराब पिलाकर पत्नी के बारे में पूछताछ की। रोहित ने जानकारी होने से इनकार किया तो कृष्णा उसे एक्टिवा पर बैठाकर अपने भाई आयुष के साथ एक कमरे में ले गया। दोनों ने रोहित को कमरे में बंद कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ मारपीट की।

रोहित के घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी काजल ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने रोहित के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और परसवाड़ा, धनवंतरी नगर स्थित कमरे तक पहुंची। यहां रोहित बंधक हालत में मिला, जिसे पुलिस ने छुड़ा लिया।

चोरी की एक्टिवा से ले गए थे

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ग्रे रंग की एक्टिवा (MP 20 SF 1224) भी जब्त की है। पूछताछ में सामने आया कि यह एक्टिवा गोरीघाट थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बंधक बनाने, मारपीट तथा चोरी की एक्टिवा के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post