MP News: युवक की मौत के बाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे परिजन, बोले - 'कार्रवाई नहीं हुई तो हम भी जान दे देंगे'

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र में युवक चिराग सेन की मौत के मामले में शुक्रवार को उसके परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिराग अपनी महिला मित्र की कथित प्रताड़ना से परेशान था और उस पर जान देने का दबाव बनाया गया था। उन्होंने महिला मित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का कहना है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई, तो वे भी आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों की बात सुनी और उन्हें समझाने के बाद उचित कार्रवाई के लिए खजराना थाने भेज दिया।

जहर खाने के बाद हुई थी चिराग की मौत

जानकारी के मुताबिक, बाणगंगा मेन रोड निवासी चिराग सेन ने रविवार रात खजराना क्षेत्र में जहर खा लिया था। सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने वृंदावन कॉलोनी के बाहर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान चिराग की महिला मित्र निशा का नाम सामने आया था।

दूसरे मामले में भी पुलिस कमिश्नर से मिले परिजन

इसी दौरान एमआईजी क्षेत्र में रक्षित चौकड़े की हत्या के मामले में भी उसके परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। साथ ही आरोपियों के कथित अवैध मकानों पर कार्रवाई की मांग भी रखी।

परिजनों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। एसीपी प्रीति तिवारी ने उनकी मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post