दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रांझी और पाटन थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 7.50 लाख रुपए कीमत की देशी-विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस को आशंका है कि शराब को 2 अक्टूबर को शराब दुकानें बंद रहने के दौरान अवैध रूप से बेचने के लिए स्टॉक किया गया था।
रांझी में घर से मिली 112 पेटी शराब
रांझी पुलिस को सूचना मिली थी कि गांधी व्यायामशाला के पास बब्लू पटवा के घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना पर सीएसपी सतीश साहू के निर्देश और टीआई उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को 112 पेटी देशी-विदेशी शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महेश यादव और जानी एंथेनी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य आरोपी बब्लू पटवा फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब किस ठेकेदार या माध्यम से लाई गई थी। पुलिस ने मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भी दी है।
पाटन में 33 पेटी देशी शराब जब्त
इधर, पाटन थाना पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कटरा बेलखेड़ा निवासी सुखदेव सिंह लोधी और शुभम सिंह लोधी के पास बड़ी मात्रा में शराब रखी हुई है। दोनों कटरा बेलखेड़ा बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान सुखदेव सिंह लोधी (30) और शुभम सिंह लोधी (20), निवासी कटरा बेलखेड़ा, पाटन के रूप में बताई।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर एक कमरे की तलाशी ली। यह कमरा भूसा रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। तलाशी के दौरान भूसे के बीच शराब की पेटियां छिपी मिलीं। पुलिस ने कुल 33 पेटी यानी 1,650 पाव देशी शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
ड्राई डे पर शराब खपाने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस होने के कारण शराब दुकानें बंद रहती हैं। ऐसे में अवैध शराब की मांग बढ़ने की आशंका को देखते हुए शराब को पहले से स्टॉक किए जाने की संभावना है। दोनों मामलों में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त शराब कहां से लाई गई और इसे किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी।
Tags
jabalpur
