दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) जबलपुर के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल का तबादला कर दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार उन्हें क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। यह तबादला ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले डॉ. सोनवाल ने कुलगुरु और राज्यपाल को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय में काम के माहौल को लेकर चिंता जताई थी और खुद को तथा अपने परिवार को खतरा होने की आशंका व्यक्त करते हुए सुरक्षा की मांग की थी।
डॉ. सोनवाल ने 16 अगस्त को कुलगुरु प्रोफेसर राजेश कुमार वर्मा को पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने कहा था कि वे जबलपुर में अकेले निवास कर रहे हैं और विश्वविद्यालय में लगातार तनाव के बीच काम कर रहे हैं। उन्होंने एक कर्मचारी को निलंबित किए जाने के बाद अपने खिलाफ षड्यंत्र या कुचक्र रचे जाने की आशंका भी जताई थी।
उन्होंने पत्र में झूठी शिकायतों और खुद को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका का उल्लेख करते हुए कार्यालय और निवास पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी, ताकि वे भयमुक्त होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
डॉ. सोनवाल ने विश्वविद्यालय में काम के वातावरण को लेकर भी चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि बार-बार शिकायतों और कथित षड्यंत्र की परिस्थितियों के कारण वे तनाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से किसी अन्य विश्वविद्यालय में स्थानांतरण की मांग भी की थी, ताकि वे और उनका परिवार भय एवं तनाव से मुक्त वातावरण में रह सकें।
गुरुवार को उच्च शिक्षा विभाग ने कुलसचिवों के तबादले से संबंधित आदेश जारी किया। राज्यपाल के नाम से अपर सचिव द्वारा जारी आदेश में डॉ. रविशंकर सोनवाल को गुना स्थित क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय का कुलसचिव नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार उच्च शिक्षा विभाग ने करीब आधा दर्जन कुलसचिवों के तबादले किए हैं। वहीं, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर में कुलसचिव के पद पर फिलहाल किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।
Tags
jabalpur
