दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में फरार केयरटेकर वरुण कुमार पर पुलिस ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया है। वारदात के बाद से फरार वरुण की तलाश में मध्यप्रदेश समेत पांच राज्यों में पुलिस की करीब 12 टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और दिल्ली में की जा रही है। संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पटियाला समेत अन्य स्थानों पर उसके परिजनों से पूछताछ भी की जा चुकी है।
मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज से तलाश
वरुण तक पहुंचने के लिए पुलिस की तकनीकी टीमें उसके मोबाइल और डिजिटल फुटप्रिंट की जांच कर रही हैं। वारदात के बाद उसके संभावित आने-जाने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद वरुण भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचा था। यहां से वह ट्रेन के जरिए दिल्ली की ओर रवाना हुआ। पुलिस उसके संभावित संपर्कों और ठिकानों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग स्थानों पर तलाश कर रही है।
घर में गैस भरकर आग लगाने की कोशिश
रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की बुधवार सुबह सूरजनगर स्थित घर में हत्या कर दी गई थी। उनका शव कमरे में जमीन पर मिला था। गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले थे। घर की अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे। जांच के दौरान किचन में LPG सिलेंडर का पाइप निकला मिला, जिससे घर में गैस भर गई थी। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद घर में आग लगाने की साजिश की गई थी। मामले में फरार केयरटेकर वरुण कुमार की तलाश जारी है।
Tags
madhya pradesh
