Jabalpur News: गढ़ा दशहरा चल समारोह में चाकूबाजी, युवक और SI घायल; थाने के पास भीड़ ने आरोपियों से की मारपीट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में गढ़ा दशहरा चल समारोह के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। गढ़ा थाने से महज 50 फीट की दूरी पर सुबह करीब 5 बजे हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे गढ़ा थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) संजय गुर्जर भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

सीएसपी गढ़ा आशीष जैन के अनुसार, चाकूबाजी की घटना में शांतिनगर निवासी अनुराग पांडे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे सब-इंस्पेक्टर संजय गुर्जर के चेहरे पर भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश कोस्टा और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आकाश कोस्टा के खिलाफ मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। विवाद की असल वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

चाकूबाजी की घटना की जानकारी फैलते ही गढ़ा थाने के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस हिरासत में मौजूद दोनों आरोपियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और थाने के परिसर में पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल युवक और सब-इंस्पेक्टर का उपचार कराया जा रहा है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post