MP News: रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड का आरोपी आगरा में शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे केयरटेकर वरुण कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उत्तर प्रदेश के आगरा में मथुरा रोड पर पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद उसे पकड़ा। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राकेश अग्रवाल के डांटने से नाराज था। इसी नाराजगी में उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भोपाल पुलिस ने चार दिनों तक आगरा में अंडरकवर ऑपरेशन चलाया। पुलिसकर्मी सब्जीवाले और रिक्शाचालक का भेष बनाकर उसकी तलाश में जुटे रहे।

चार दिन तक बदली पहचान, दिल्ली और मथुरा में भी तलाश

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, वरुण को पकड़ने के लिए भोपाल पुलिस की टीम ने आगरा में चार दिन तक गुप्त अभियान चलाया। रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि झुग्गी बस्तियों में पुलिस की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों को संदेह होने लगा था। इसके बाद पुलिस टीम ने अपनी पहचान छिपाकर निगरानी शुरू की। दिल्ली और मथुरा में भी पुलिस की टीमें तैनात की गई थीं। आखिरकार आरोपी आगरा के मथुरा रोड पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

फुटपाथ पर गुजारी रातें, कबाड़ और प्लास्टिक की बोतलें बेचकर किया गुजारा

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद वरुण लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह किसी एक स्थान पर एक-दो दिन से ज्यादा नहीं रुकता था। ग्वालियर से आगरा, मथुरा और वृंदावन होते हुए दिल्ली पहुंचा। इसके बाद हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल और मनाली तक गया।

फरारी के दौरान उसने बस, ट्रेन और ट्रकों से सफर किया। उसके पास कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। वह कबाड़ और प्लास्टिक की बोतलें बीनकर बेचता था और रात फुटपाथ पर गुजारता था। गिरफ्तारी के समय उसके पास मोबाइल फोन भी नहीं मिला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान किसी व्यक्ति ने उसकी मदद तो नहीं की।

डांट से नाराजगी और LPG पाइप खुला छोड़ने की बात कबूली

थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में वरुण ने बताया कि राकेश अग्रवाल अक्सर उस पर चिल्लाते थे। इसी बात को लेकर वह नाराज था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर में LPG सिलेंडर का पाइप खुला छोड़ने की बात भी गुस्से में ऐसा करने की वजह से जोड़ी है। उसने कथित तौर पर यह भी कहा कि उसे इस घटना से लोकप्रियता मिलने की उम्मीद थी। पुलिस इन बयानों की जांच कर रही है।

30 सितंबर की रात हुई थी रिटायर्ड IAS की हत्या

राकेश अग्रवाल की 30 सितंबर की रात भोपाल के सूरज नगर स्थित उनके घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह उनकी पत्नी निशी अग्रवाल ने कमरे में उनका शव देखा था। शुरुआती जांच के दौरान घर की अलमारियों का सामान बिखरा मिला था। किचन में LPG सिलेंडर का पाइप भी खुला हुआ था। पुलिस को आशंका थी कि हत्या के बाद आग लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी।

वारदात के बाद से ही घर में केयरटेकर के रूप में काम करने वाला वरुण कुमार फरार था।

हत्या के करीब सवा घंटे बाद रेलवे स्टेशन पहुंचा था आरोपी

पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी के फरार होने का पूरा घटनाक्रम पता लगाया। जांच के अनुसार, वरुण रात करीब 2:30 बजे घर से निकलकर सड़क पर जाता दिखाई दिया था। इसके बाद वह रेलवे स्टेशन पहुंचा और सुबह करीब 4:12 बजे केरल एक्सप्रेस में सवार हो गया। यानी घर से निकलने के करीब एक घंटे 42 मिनट के भीतर वह भोपाल से बाहर निकल चुका था। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में उसकी तलाश शुरू की।

10 टीमों ने चार राज्यों में चलाया तलाशी अभियान

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भोपाल पुलिस ने रातीबड़, शाहपुरा, ऐशबाग थानों और क्राइम ब्रांच की कुल 10 टीमें गठित की थीं। इन टीमों को राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र सहित अलग-अलग राज्यों में भेजा गया था।

पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशालाओं, मंदिरों, रैन बसेरों और आश्रमों के CCTV फुटेज खंगाले। ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन, आगरा, जयपुर, अलवर, पुणे और पंजाब के नाभा-पटियाला में आरोपी के परिवार, दोस्तों और पुराने परिचितों से पूछताछ की गई।

आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी में देरी के बाद पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने SIT गठित की थी, जिसकी जिम्मेदारी AIG उमेश तिवारी को सौंपी गई थी।

IAS एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से की थी मुलाकात

रिटायर्ड IAS अधिकारी की हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी का मामला IAS एसोसिएशन ने भी उठाया था। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पहले मुख्य सचिव और फिर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी।

जयपुर में व्यवहार की शिकायत पर नौकरी से निकाला गया था

पुलिस जांच में वरुण के पुराने रोजगार से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं। जून 2026 में उसने जयपुर की रूही हेल्थ केयर सर्विस के माध्यम से एक घर में केयरटेकर की नौकरी की थी, लेकिन व्यवहार संबंधी शिकायतें मिलने के बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया था।

वहीं, 23 अगस्त 2026 को ग्वालियर की सार्थ होम नर्सिंग केयर एजेंसी में काम करने के दौरान उस पर एजेंसी का मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगा था। हालांकि, इस मामले में एजेंसी की ओर से FIR दर्ज नहीं कराई गई थी।

पुलिस ने केयरटेकर उपलब्ध कराने वाली वर्मा होम हेल्थकेयर एजेंसी के संचालक अखिलेश वर्मा से भी पूछताछ की है। फिलहाल एजेंसी की किसी ठोस आपराधिक भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।

महिला मित्र और पुराने संपर्कों की भी जांच

पुलिस आरोपी के परिवार, रिश्तेदारों और पुराने परिचितों से पूछताछ कर रही है। उसकी महिला मित्र सोनम के संपर्कों की भी जांच की जा रही है। सोनम मूल रूप से ग्वालियर की रहने वाली है और आगरा में काम करती है। हालांकि, अब तक उसके किसी आपराधिक भूमिका में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस राकेश अग्रवाल के साथ संभावित लेन-देन विवाद और अन्य शिकायतों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर चुकी है। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्या की पूरी साजिश, वारदात के कारणों और फरारी के दौरान उसे मिली संभावित मदद के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post