दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में उस समय हलचल मच गई, जब 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोमवार को राज्य सरकार को अपना इस्तीफा सौंपा है। इस्तीफे में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों को नौकरी छोड़ने की वजह बताया है। खास बात यह है कि चार दिन पहले ही सरकार ने उन्हें सागर पुलिस अधीक्षक (SP) के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) में AIG के पद पर पदस्थ किया था।
सुजानिया के इस्तीफे के बाद प्रदेश सरकार भी सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था के साथ पुलिस विभाग से जुड़े हालिया घटनाक्रम और सुजानिया के इस्तीफे पर भी चर्चा हो सकती है।
IPS एसोसिएशन से CM ने की चर्चा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भौंरी पहुंचे थे। यहां IPS एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनसे अनुराग सुजानिया के इस्तीफे के मामले में चर्चा की। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन से इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा था। इसके बाद शाम को पुलिस मुख्यालय में प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया।
फिलहाल सरकार ने सुजानिया का इस्तीफा स्वीकार करने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
मुरैना में जहरीली शराब से 24 से ज्यादा मौतों के बाद हटाए गए थे
अनुराग सुजानिया इससे पहले मुरैना जिले के पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। वर्ष 2021 में उनके कार्यकाल के दौरान जिले में जहरीली शराब पीने से 24 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। मामले की जांच में अवैध शराब की बिक्री को लेकर पुलिस संरक्षण के आरोप भी सामने आए थे। इसके बाद उन्हें SP पद से हटा दिया गया था।
सागर के बंडा में जहरीली शराब से 15 मौतों का मामला
इस साल सितंबर में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था। इस घटना में 15 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई, जबकि विपक्ष ने मृतकों की संख्या 36 होने का दावा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने न्यायिक जांच आयोग का गठन किया था।
शुरुआत में सागर के तत्कालीन SP अनुराग सुजानिया को पद पर बनाए रखा गया, लेकिन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक दोनों को हटा दिया गया। इसके चार दिन पहले सुजानिया को PHQ में AIG बनाया गया था और अब उनके इस्तीफे से पुलिस महकमे में नई चर्चा शुरू हो गई है।
Tags
madhya pradesh
