Jabalpur News: डीमार्ट के पास अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, बच्चे-महिला समेत 4 घायल; कलेक्टर ने गनमैन के साथ मिलकर यात्रियों को निकाला बाहर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बिलहरी क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे डीमार्ट के पास सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ऑटो में सवार कुछ यात्री अंदर ही फंस गए, जबकि कुछ उसके नीचे दब गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की नजर हादसे पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और गनमैन जैकब क्लेटिन के साथ मिलकर पलटे हुए ऑटो को उठाकर यात्रियों को बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा बरगी से लौटकर जबलपुर आ रहे थे। जैसे ही उनका वाहन बिलहरी क्षेत्र में पहुंचा, उन्होंने सड़क पर ऑटो पलटा हुआ देखा। ऑटो में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। यात्रियों को फंसा देख कलेक्टर ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने अपने गनमैन के साथ ऑटो को सीधा कराया और उसमें फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।

बताया गया है कि ऑटो में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाएं, एक बच्चा और एक पुरुष शामिल थे। हादसे में एक बच्चे और एक महिला सहित कुल चार लोग घायल हुए। कलेक्टर ने पीछे से आ रहे खनिज विभाग के वाहन से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।

कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने मौके से ही जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को फोन कर घायलों का समुचित और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post