Jabalpur News: डंपर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 20 मीटर तक घिसटता गया युवक; बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहे यमदूत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट चौराहे पर बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक सहित करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे में उसके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर डंपर के नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, युवक बाइक क्रमांक MP 20 ZG 4708 से जबलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने भेड़ाघाट चौराहे पर उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक बाइक समेत डंपर के नीचे फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि डंपर नर्मदा नदी से रेत लेकर शहर की ओर आ रहा था। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेत से भरे डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद डंपर पर नंबर प्लेट नहीं होने का मामला भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाहन के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। हालांकि, डंपर के साइड में पीले रंग से कुछ नंबर लिखे हुए थे, लेकिन वे स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। बिना नंबर प्लेट के भारी वाहन के सड़क पर दौड़ने को लेकर लोगों ने जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरस्वती घाट क्षेत्र से रातभर बिना नंबर प्लेट वाले हाईवा और बड़े ट्रकों के जरिए अवैध रूप से रेत और पीली मिट्टी का उत्खनन एवं परिवहन किया जाता है। लोगों ने खनिज विभाग और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post