Jabalpur News: चाकू की नोक पर स्कूटी व मोबाइल लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार, 50 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस; 2 साथी पहले से जेल में

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर स्कूटी और मोबाइल लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक 19 वर्षीय आरोपी वरुण उर्फ आदर्श प्रजापति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त की गई है। वहीं, लूट में शामिल दो अन्य आरोपी दीपांशु चौधरी और अरमान प्रधान पहले से ही पनागर थाना क्षेत्र के एक झपटमारी के मामले में जेल में बंद हैं।

पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को प्रियांशु मेहतो निवासी अंबेडकर चौक, इंद्रानगर अपने साथी आयुष वाल्मीकि के साथ अपनी बुआ नीतू मेहतो की नई एक्सिस स्कूटी से वीएफजे स्टेट स्थित धोबी घाट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वीएफजे सरकारी चक्की चौराहे के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर स्कूटी और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत पर रांझी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 910/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसी क्रम में पुलिस ने वरुण उर्फ आदर्श प्रजापति निवासी मोहास, बेलखाड़ू, कटंगी से सघन पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी दीपांशु चौधरी और अरमान प्रधान के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि लूटा गया मोबाइल उसने अपने एक साथी को दे दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई एक्सिस स्कूटी और घटना में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले के अन्य दोनों आरोपी दीपांशु चौधरी और अरमान प्रधान पनागर थाना क्षेत्र के झपटमारी के एक अन्य प्रकरण में पहले से जेल में निरुद्ध हैं। दोनों के विरुद्ध वारंट जारी कराकर इस मामले में भी गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

लूट की वारदात का खुलासा करने में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में उप निरीक्षक रविंद्र डोडवा, सहायक उप निरीक्षक गणपत मसकोले, मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम एवं चंद्रभान तथा आरक्षक अभिषेक और मनीष की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post