सोना ₹1.30 लाख के नीचे पहुंचा, एक दिन में ₹1,179 की गिरावट; सात दिन में ₹12 हजार सस्ता हुआ, चांदी भी ₹24 हजार टूटी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का दौर जारी है। बीते सात कारोबारी दिनों में सोना करीब 12 हजार रुपए और चांदी करीब 24 हजार रुपए सस्ती हो चुकी है। गुरुवार को भी दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट दर्ज की गई। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,179 रुपए घटकर 1.30 लाख रुपए से नीचे आ गई। वहीं, एक किलो चांदी का भाव 2,158 रुपए गिरकर करीब 1.62 लाख रुपए रह गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ऊंचे भाव पर बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली को कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है। डॉलर मजबूत होने से दूसरे देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है, जिससे मांग प्रभावित होती है। इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्पों में पैसा लगाना पसंद करते हैं।

इस साल सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। चांदी 31 दिसंबर 2025 को करीब 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.80 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद से कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। इसी तरह 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 31 दिसंबर 2025 को करीब 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। रिकॉर्ड तेजी के बाद अब दोनों धातुओं की कीमतों में दबाव बना हुआ है।

चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे औद्योगिक मांग में कमी, वैश्विक बाजार में सप्लाई बढ़ने और सोने की कीमतों में कमजोरी को भी अहम कारण माना जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में चांदी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। ऐसे में औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती आने पर इसकी मांग प्रभावित होती है।

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने-चांदी में खरीदारी एक साथ करने के बजाय किश्तों में करना बेहतर हो सकता है। निवेशकों को कुछ खरीदारी अभी और बाकी रकम से 15 से 20 दिन के अंतराल पर खरीदारी करने की सलाह दी गई है। उनका मानना है कि निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय छह महीने से एक साल तक की अवधि को ध्यान में रखना चाहिए।

वहीं, ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय ग्राहकों को BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदना चाहिए। खरीदारी से पहले सोने की शुद्धता, वजन और उस दिन का बाजार भाव जरूर जांच लें। 24, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमतों में अंतर होता है। चांदी खरीदते समय भी उसकी शुद्धता और प्रमाणिकता की जांच करना जरूरी है।

लगातार गिरती कीमतों ने उन ग्राहकों को राहत दी है, जो लंबे समय से सोने-चांदी की खरीदारी के लिए भाव कम होने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव को देखते हुए खरीदारी या निवेश से पहले मौजूदा भाव और अपनी जरूरत का आकलन करना जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post