दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ एक महिला क्लर्क ने छेड़छाड़, पीछा करने और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि डॉक्टर करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऑफिस से घर तक पीछा करने का आरोप
महिला क्लर्क के मुताबिक, डॉक्टर उसके ऑफिस आने-जाने के दौरान पीछे-पीछे पहुंच जाता था। कई बार उसके केबिन में आकर घंटों बैठा रहता था। शुरुआत में महिला ने इसे सामान्य समझा, लेकिन बाद में डॉक्टर द्वारा घर जाते समय भी पीछा किए जाने का आरोप है।
महिला का कहना है कि डॉक्टर मोबाइल पर चैटिंग के दौरान प्यार का इजहार करता और आपत्तिजनक बातें लिखता था। कई बार मना करने के बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। लगातार परेशान किए जाने के बाद महिला ने अपने परिवार को पूरी बात बताई और परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपे
महिला ने पुलिस को अपनी शिकायत के साथ मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैं। शिकायत में उसने बताया कि डॉक्टर लगातार मैसेज भेजकर परेशान करता था और ऑफिस के साथ-साथ घर जाते समय भी उसका पीछा करता था।
भाई से विवाद के बाद डॉक्टर ने भी दर्ज कराई FIR
मामले में एक और घटनाक्रम सामने आया है। महिला के भाई ने जब डॉक्टर को समझाने की कोशिश की, तो दोनों के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर पुलिस ने महिला के भाई के खिलाफ भी FIR दर्ज की है।
इसके बाद मंगलवार रात महिला ने डॉक्टर के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कराई।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच, गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस के अनुसार, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
