दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) खातेगांव। मध्यप्रदेश के देवास जिले के चर्चित खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी हत्याकांड में शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिली। मामले में फरार चल रहा टिमरनी शराब दुकान का लाइसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल सरेंडर करने देवास जिला न्यायालय पहुंचा, लेकिन अदालत ने देवास में सरेंडर स्वीकार करने से इनकार करते हुए उसे खातेगांव न्यायालय में समर्पण करने के लिए कहा। कोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही विशेष जांच दल (SIT) ने उसे हिरासत में ले लिया।
पाटेन्द्र जायसवाल अपने वकीलों के साथ न्यायालय पहुंचा था। उसके अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि आरोपी को देवास से खातेगांव जाने में डर लग रहा है। इस पर मजिस्ट्रेट ने कहा कि जब वह देवास न्यायालय तक आ सकता है, तो खातेगांव भी जा सकता है। अदालत ने वकील को भी उसके साथ जाने के लिए कहा।
करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पाटेन्द्र न्यायालय से बाहर निकला। यहां पहले से मौजूद SIT की टीम ने उसे अपनी निजी कार में बैठाकर हिरासत में ले लिया। कार्रवाई का नेतृत्व अमित सोलंकी कर रहे थे।
पाटेन्द्र बोला- डर गया था, मेरा कोई दोष नहीं
मीडिया से बातचीत में पाटेन्द्र जायसवाल ने कहा कि उसके साथ बहुत बड़ा घटनाक्रम हुआ था, इसलिए वह डर गया था। उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसके पास सिर्फ शराब दुकान का लाइसेंस था और बाकी गतिविधियों से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उसने राहुल जायसवाल को अपना पार्टनर भी बताया।
टिमरनी शराब दुकान के स्टाफ और गुजरात में शराब सप्लाई से जुड़े सवालों पर पाटेन्द्र ने जानकारी होने से इनकार किया। हालांकि, गुजरात में शराब सप्लाई के मामले में SIT की जांच जारी है।
एडवोकेट विजय राव को न्यायिक हिरासत में भेजा
इस मामले में दूसरी बड़ी कार्रवाई के तहत इंदौर के एडवोकेट विजय राव की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। विजय राव पर मामले में मीडिएटर की भूमिका होने का आरोप है। SIT अब तक उससे पूछताछ कर चुकी है।
अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क की जांच तेज
इधर, पुलिस मनीष जायसवाल से पूछताछ के बाद उसे इंदौर स्थित कार्यालय लेकर पहुंची थी, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। SIT इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इनके जरिए अवैध शराब कारोबार के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
SIT अब शराब कारोबार से जुड़े लोगों के आपसी संपर्क, उनकी भूमिका और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। मामले में छह आरोपी पुलिस रिमांड पर थे। इनमें से विजय राव की रिमांड पूरी होने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, पाटेन्द्र जायसवाल को हिरासत में लिए जाने के बाद जांच में नए खुलासे होने की संभावना है।
Tags
madhya pradesh

