दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) टीकमगढ़। टीकमगढ़ में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। शहर के सिविल लाइन रोड पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के बंगले से महज 50 मीटर की दूरी पर दो युवकों ने हवाई फायरिंग कर उसका वीडियो बनाया। एक युवक BJP का बोर्ड लगी फॉर्च्यूनर कार पर बैठकर रील बनाता रहा, जबकि दूसरा युवक बंदूक लहराते हुए हवाई फायरिंग करता नजर आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर फायरिंग की गई, उसके आसपास पुलिस लाइन, केंद्रीय मंत्री का बंगला और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आवास मौजूद हैं। एसपी और एडिशनल एसपी सहित अन्य अधिकारियों के बंगले भी घटनास्थल से करीब 500 मीटर के दायरे में हैं। वहीं, पास में ईदगाह मार्केट की चाट चौपाटी भी लगती है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
कार पर BJP का बोर्ड, बंदूक के साथ बनाई रील
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दो युवक दिखाई दे रहे हैं। एक युवक फॉर्च्यूनर कार पर बैठा है, जबकि दूसरा युवक बंदूक से हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। एक अन्य वीडियो में कार के अंदर बंदूक दिखाकर भी रील बनाई गई है। कार पर भाजपा का बोर्ड लगा दिखाई दे रहा है और उसके नंबर की शुरुआत MP04 से बताई जा रही है।
एक युवक की पहचान, पहले से दर्ज हैं तीन मामले
पुलिस के मुताबिक, कार पर बैठे युवक की पहचान रमन यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, फायरिंग करने वाले दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
एसडीओपी सौरभ रत्नाकर ने बताया कि शुक्रवार को फायरिंग का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद कोतवाली पुलिस को दोनों युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस दूसरे युवक की पहचान करने के साथ दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
केंद्रीय मंत्री के बंगले, पुलिस लाइन और वरिष्ठ अधिकारियों के आवास के नजदीक इस तरह खुलेआम हवाई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त रिहायशी इलाके में हथियार लहराकर वीडियो बनाना और फायरिंग करना पुलिस के लिए गंभीर चुनौती है। अब देखना होगा कि पुलिस दोनों युवकों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और हथियार के साथ बनाई गई इन रील्स के पीछे की पूरी कहानी जांच में क्या सामने आती है।
Tags
madhya pradesh
