दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भिंड। भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देना एक युवक को भारी पड़ गया। शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने युवक के घर में घुसकर कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के लिए ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग मां, भाई और भाभी को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीटा। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना दबोह थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 की है। जानकारी के मुताबिक, मृतक शैलेंद्र परिहार का राजकुमार सविता से शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि भाई दूज के दिन राजकुमार ने शैलेंद्र से शराब के लिए पैसे मांगे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद रात में राजकुमार अपनी पत्नी आशा और अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर शैलेंद्र के घर पहुंच गया। आरोपियों ने घर में घुसते ही शैलेंद्र पर हमला कर दिया। हमले में कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और लोहे के पलटे का इस्तेमाल किया गया। शोर सुनकर परिवार के सदस्य बचाव के लिए पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाया। बेटे को बचाने आई बुजुर्ग मां सरमन सिंह के साथ भी मारपीट की गई। इस हमले में शैलेंद्र की मां, भाई रविंद्र परिहार और भाभी रामवती घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए लहार अस्पताल ले जाया गया, जहां शैलेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि, ग्वालियर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
महिला समेत सात आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजकुमार सविता और उसकी पत्नी आशा सविता सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत सविता, पवन सविता, देवेंद्र विश्वकर्मा, सचिन विश्वकर्मा और उन्नी पंडित शामिल हैं। वहीं, जितेंद्र विश्वकर्मा अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मेडिकल परीक्षण के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी हलवाई का काम करते हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
Tags
madhya pradesh
