दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को जबलपुर जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। मतदाता सूची मतदान केंद्रों सहित निर्धारित अभिहित स्थानों पर उपलब्ध करा दी गई है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां भी सौंपी गईं।
बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का आम नागरिक अपने मतदान केंद्र पर अवलोकन कर सकते हैं। सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने अथवा नाम में संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रारूप में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास आवेदन एवं दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर निर्धारित की गई है। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी को होगा।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए जिले के मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। ये शिविर 14-15 नवंबर, 21-22 नवंबर, 28-29 नवंबर तथा 5-6 दिसंबर को आयोजित होंगे। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे ने बैठक में जिले की मतदाता संख्या की जानकारी देते हुए बताया कि 12 नवंबर की स्थिति में जबलपुर जिले में कुल 17 लाख 58 हजार 810 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 8 लाख 95 हजार 638 पुरुष और 8 लाख 63 हजार 105 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 16 हजार 438 युवा मतदाता, 19 हजार 674 दिव्यांग मतदाता तथा 85 वर्ष या इससे अधिक आयु के 6 हजार 950 मतदाता हैं। जिले में प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या 964 है।
उन्होंने बताया कि ऐसे युवा जो आगामी 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण होते ही नाम मतदाता सूची में शामिल कर दिया जाएगा।
निर्वाचक नामावली को अद्यतन करने की निरंतर प्रक्रिया के तहत 21 फरवरी से 12 नवंबर 2026 तक जिले में 32 हजार 191 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। गौरतलब है कि 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में जिले के कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 26 हजार 619 थी।
बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से अभय सिंह ठाकुर, शंकर श्रीवास्तव, सुरेश वंशकार, ओम दुबे, योगेंद्र सिंह राजपूत, सचिन जैन सहारा, आदेश दुबे एवं फिरोज ठाकरे सहित जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags
jabalpur
