Jabalpur News: अचानक ब्रेक लगाने से टूटी रस्सी, ‘छोटा हाथी’ से उछली लोहे की रॉड कांच तोड़ते हुए स्कूल वैन में घुसी, छात्र गंभीर रूप से घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के व्यस्ततम बल्देवबाग से दमोह नाका मार्ग पर शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। चेरीताल शराब दुकान के सामने तेज रफ्तार छोटा हाथी वाहन के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से उसमें लदी लोहे की रॉड बांधने वाली रस्सी टूट गई। झटके के कारण एक भारी लोहे की रॉड उछलकर आगे चल रही स्कूल वैन का कांच तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे में वैन में सवार एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अचानक ब्रेक लगाने से टूटी रस्सी

जानकारी के अनुसार, छोटा हाथी वाहन (क्रमांक MP 20 ZY 3422) में लोहे की लंबी रॉड और निर्माण सामग्री लदी हुई थी। सामान को रस्सी के सहारे बांधा गया था। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जब वाहन चेरीताल शराब दुकान के सामने पहुंचा, तभी चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। तेज झटके के कारण लोहे की रॉड बांधने वाली रस्सी टूट गई।

आगे चल रही स्कूल वैन में जा घुसी रॉड

रस्सी टूटने से छोटा हाथी में रखी लोहे की एक भारी रॉड अनियंत्रित होकर आगे की ओर उछली। इसी दौरान आगे चल रही स्कूल वैन इसकी चपेट में आ गई। लोहे की रॉड स्कूल वैन का कांच तोड़ते हुए अंदर जा घुसी और उसमें सवार एक छात्र को जा लगी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई इस घटना से वैन में सवार बच्चों में दहशत फैल गई।

अस्पताल में छात्र का उपचार जारी


घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग और राहगीर मदद के लिए पहुंचे। घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

भीड़ ने चालक को पकड़ा, दी पुलिस को सूचना

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने छोटा हाथी के चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने चालक को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल छोटा हाथी वाहन का नंबर MP 20 ZY 3422 बताया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन में लदे सामान की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post