दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कछपुरा मालगोदाम के समीप स्थित गणेश नगर में गुरुवार दोपहर एक मकान और दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में दुकान में रखा कॉस्मेटिक, किराना और कपड़ों सहित पूरा सामान जलकर खाक हो गया। वहीं मकान के एक कमरे में रखा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक तिवारी परिवार को करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार तिवारी परिवार के सदस्य घर के मंदिर में दीपक जलाने के बाद किसी काम से बाजार गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मकान और दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल परिवार को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कॉस्मेटिक, किराना और कपड़ों का पूरा सामान जल गया। इसके अलावा दुकान में रखे करीब एक लाख रुपये नकद भी आग में जलकर नष्ट हो गए। मकान के एक कमरे में रखा घरेलू सामान भी नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद परिवार को करीब 30 लाख रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
दमकल की देरी पर स्थानीय लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद दमकल वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय रहते पहुंच जाती तो आग को शुरुआती दौर में नियंत्रित किया जा सकता था और नुकसान कम हो सकता था। दमकल के देरी से पहुंचने को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी देखी गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Tags
jabalpur
