राहुल गांधी बोले- भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती; नितिन नवीन का पलटवार- देश नहीं, आपकी सोच डिजास्टर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) न्यूयॉर्क/नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियां गंभीर चुनौतियां बनती जा रही हैं। युवाओं में निराशा बढ़ने की सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने भविष्य की स्पष्ट तस्वीर दिखाई नहीं दे रही है।

राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देश की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के साथ चुनावी व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इस अभियान में जितना पैसा खर्च हुआ, वह अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक अधिक था। उन्होंने खर्च की गई राशि के स्रोत और इसकी पारदर्शिता को लेकर जवाब मांगा।

राहुल गांधी ने चुनावी नतीजों और वोटों के अंतर पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि अचानक पांच लाख वोटों का अंतर सामने आना संभव नहीं है। कांग्रेस के पास चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी से जुड़े कई सवाल और सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए पार्टी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए चुनावी व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और इनके बिना लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती।

युवाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज की पीढ़ी और उनके माता-पिता के बीच करियर तथा भविष्य को लेकर सोच का अंतर बढ़ रहा है। युवा पिछली पीढ़ी के अनुभवों और सलाह को आज के दौर के हिसाब से सही नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि जिस तरीके से उनके माता-पिता ने सफलता हासिल की, जरूरी नहीं कि वही रास्ता आज के युवाओं के लिए भी कारगर साबित हो। राहुल ने युवाओं की निराशा और उनके सामने मौजूद चुनौतियों को समझने के लिए अध्ययन किए जाने की बात भी कही।

राहुल गांधी के इस बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी। जालंधर में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं। वे भारत की अर्थव्यवस्था को डिजास्टर बताते हैं, जबकि हकीकत यह है कि भारत की अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि राहुल गांधी की सोच डिजास्टर है। भाजपा अध्यक्ष के इस पलटवार के बाद राहुल गांधी के अमेरिका दौरे में दिए गए बयान को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस कार्यक्रम के बाद उनका शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का कार्यक्रम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post