Jabalpur News: घड़ी चौक में राहगीर को रोककर चांदी की चेन और ब्रेसलेट लूटने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजय नगर थाना पुलिस ने राहगीर से लूटपाट करने वाले एक्सिस सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन, ब्रेसलेट, नकदी में से 400 रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्सिस स्कूटी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, कटरा अधारताल निवासी 24 वर्षीय शिवा केवट फर्नीचर का काम करता है। 16 नवंबर 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल से चुंगी नाका स्थित समीर मोबाइल दुकान पर मोबाइल की किस्त जमा करने गया था। किस्त जमा कर घर लौटते समय घड़ी चौक, स्कीम नंबर-5 स्थित गरवा ग्राउंड के पास पीछे से बिना नंबर की नीले रंग की एक्सिस स्कूटी पर सवार तीन युवक पहुंचे। उन्होंने फरियादी की मोटरसाइकिल के सामने स्कूटी लगाकर उसे रोक लिया।

इसके बाद दो युवक स्कूटी से उतरकर उसके पास पहुंचे। एक ने उसकी गर्दन पकड़कर गले में पहनी चांदी की चेन छीन ली, जबकि दूसरे ने हाथ में पहना चांदी का ब्रेसलेट और जेब में रखे 1,950 रुपए लूट लिए। आरोपियों ने धक्का देकर मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और कुछ दूरी पर फेंककर घड़ी चौक की तरफ फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर विजय नगर थाने में अपराध क्रमांक 0553/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना पर दबिश देकर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई चांदी की चेन, ब्रेसलेट, लूटी गई रकम में से 400 रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्सिस स्कूटी जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप श्रीपाल (18), निवासी चुंगी नाका शिव शक्ति नगर, कृष्णा पटेल (18), निवासी वृंदावन कॉलोनी मदर टेरेसा क्षेत्र और संतोष चौधरी (22), निवासी बाबा बर्फानी के पास, थाना माढ़ोताल के रूप में हुई है। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी विजय नगर धीरज राज के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ब्रजेन्द्र तिवारी, आदित्य और विक्रम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post