दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के बरगी थाना क्षेत्र में हथियारों के खुलेआम प्रदर्शन और हवाई फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हरजोत खालसा शराब की टेबल पर तीन राइफलें सजाकर वीडियो बनवाते हुए नजर आ रहा है। इसके बाद युवक एक के बाद एक तीन हवाई फायर करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब दो दिन पुराना है। वीडियो में दिखाई दे रही तीन राइफलों में से दो के लाइसेंस नहीं होने की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा संबंधित युवक के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने वीडियो का संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, हथियारों के लाइसेंस और फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि तीनों राइफलें किसकी हैं, उनके लाइसेंस वैध हैं या नहीं और सार्वजनिक रूप से हवाई फायरिंग करने के मामले में संबंधित युवक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
Tags
jabalpur
