Jabalpur News: महिला ASI का आरोप- रेडियो SP रोज मीटिंग में करते हैं अपशब्दों का इस्तेमाल, नौकरी से हटाने की देते हैं धमकी; IG ने ASP को सौंपी जांच

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
पुलिस रेडियो विभाग में पदस्थ एक महिला सहायक उप निरीक्षक (ASI) ने विभाग के SP सुनील राजोरे पर मानसिक प्रताड़ना और कार्यस्थल पर अपमानजनक व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आईजी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि अधिकारी रोजाना दो से तीन घंटे तक बैठक लेते हैं और इस दौरान कर्मचारियों के सामने कामचोर, बदमाश और मक्कार जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। इतना ही नहीं, महिला ने नौकरी से हटाने और विभागीय जांच कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

महिला ASI के मुताबिक, काम से संबंधित नोटशीट और पत्रों में अधिकारी बार-बार आपत्तियां लगाते हैं। उनके निर्देश पर सुधार करने के बावजूद फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं किए जाते और बाद में स्पष्टीकरण मांगकर चेतावनी या निंदा जैसी सजा दी जाती है। महिला का दावा है कि विभाग के करीब छह कर्मचारी इस व्यवहार से परेशान हैं।

शिकायत के बाद महिला का ही तबादला

महिला ने बताया कि उन्होंने 20 जून 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर अपनी परेशानी से अवगत कराया था। उनका आरोप है कि शिकायत पर समस्या का समाधान करने के बजाय उनका ही तबादला कर दिया गया। महिला के अनुसार, अधिकारी के व्यवहार और लगातार दबाव के कारण उनका पारिवारिक जीवन और शासकीय कामकाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

अतिरिक्त जिम्मेदारियां देने का भी आरोप

शिकायत में महिला ने बताया कि उनके पास पहले से सेवा पुस्तिका और अवकाश शाखा का प्रभार है। इसके बावजूद स्थापना शाखा के प्रभारी को आए दिन छुट्टी पर भेजकर उनका काम भी उनसे कराया जाता है। उन्होंने आरक्षक से प्रधान आरक्षक तक की वार्षिक गोपनीय टीप का काम पूरा करने के बावजूद उस पर अनावश्यक आपत्तियां लगाने और लापरवाही का आरोप लगाकर स्पष्टीकरण मांगने की बात भी कही है।

ASP स्तर के अधिकारी कर रहे जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने शिकायत की जांच एएसपी आयुष जाखड़ को सौंपी है। एएसपी ने बताया कि रेडियो विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ शिकायत मिली है। सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान कोई तकनीकी इनपुट मिलता है तो उसे भी शामिल किया जाएगा।

2004 बैच के अधिकारी हैं सुनील राजोरे

सुनील राजोरे वर्ष 2004 बैच के अधिकारी हैं। शुरुआती दौर में वे रीवा में डीएसपी के पद पर पदस्थ रहे। वर्ष 2015 में सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में उनकी पोस्टिंग हुई। इसके बाद 2017 में इंदौर पहुंचे, जहां करीब आठ साल तक पदस्थ रहे। जुलाई 2025 में उन्हें जबलपुर रेडियो एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सरकारी वाहन में महिला कर्मचारी के साथ दिखने का वीडियो भी चर्चा में

इसी बीच सुनील राजोरे का एक अलग वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। करीब 14 मिनट के इस वीडियो में वे पुलिस विभाग की बताई जा रही MP-02 नंबर की सरकारी कार में एक अन्य महिला कर्मचारी के साथ दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में कार कलेक्ट्रेट और सिविल लाइन क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर नजर आती है।

वीडियो में एक स्थान पर महिला चेहरा ढंककर कार से उतरती दिखाई देती है। इसके अलावा कार पर पुलिस विभाग की बत्ती कभी लगी तो कभी उतरी हुई नजर आने का दावा किया गया है। वीडियो में कार को सिविल लाइन क्षेत्र की एक सुनसान गली में खड़ा दिखाया गया है। इसके बाद महिला संभाग आयुक्त कार्यालय के सामने स्थित एक होटल के पीछे वाले रास्ते से जाती दिखाई देती है।

हालांकि, सरकारी वाहन के इस्तेमाल के उद्देश्य को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। इस वीडियो का महिला ASI की शिकायत से कोई प्रत्यक्ष संबंध भी सामने नहीं आया है। प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। संबंधित अधिकारी सुनील राजोरे से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। अब इस पूरे मामले में जांच रिपोर्ट और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post