Jabalpur News: दिवंगत प्रधान आरक्षक के खाते से उड़ाए 4.36 लाख रुपए, स्टेटमेंट निकलवाने पहुंची पत्नी के उड़े होश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। यहां दिवंगत प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश सिंह राजपूत के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से 4 लाख 36 हजार 323 रुपए निकाल लिए। पति की मृत्यु के बाद बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पत्नी को खाते से हुई इस अनधिकृत निकासी की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, नर्मदे सिटी होम्स बिलहरी निवासी गीता सिंह राजपूत (46) ने शिकायत दर्ज कराई। उनके पति ओमप्रकाश सिंह राजपूत गोरखपुर थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। ब्रेन हेमरेज के कारण उनका निधन हो गया था। 

पति की मृत्यु के बाद शासकीय कार्यों के लिए बैंक खाते का स्टेटमेंट आवश्यक होने पर गीता सिंह ने भारतीय स्टेट बैंक की सिविल लाइन शाखा से स्टेटमेंट निकलवाया। इसमें सामने आया कि उनके पति के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से कुल 4 लाख 36 हजार 323 रुपए निकाल लिए गए। गीता सिंह की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post