MP News: ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में गरजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री मोहन यादव; नड्डा बोले- देश को अस्थिर करना चाहती है कांग्रेस, सीएम ने कहा- न्यायपालिका और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वालों को जनता माफ नहीं करेगी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। अटल पथ पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को ‘हिट एंड रन’ करार देते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है, जबकि उसे अपनी हार के कारणों पर आत्मचिंतन करना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया, न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।

नड्डा बोले- कांग्रेस किस मुंह से करती है लोकतंत्र की रक्षा की बात

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में कांग्रेस के शासनकाल और आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है, जबकि उसके शासनकाल में 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान वह स्वयं भी प्रभावित हुए थे। उस समय उन्हें क्लासरूम से उठा लिया गया था।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते हैं। कांग्रेस यह समझ चुकी है कि आने वाले 20 से 30 वर्षों तक जनता उसे सत्ता में आने का मौका नहीं देने वाली। इसी कारण वह चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है।

राहुल गांधी की राजनीति को बताया 'हिट एंड रन'

जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी राजनीति को ‘हिट एंड रन’ बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में कांग्रेस ने वोट चोरी और चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए, लेकिन जब चुनाव आयोग ने हलफनामे के साथ सबूत मांगे तो कांग्रेस पीछे हट गई।

ईवीएम को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी नड्डा ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने ईवीएम हैक करने की चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस का कोई नेता सामने नहीं आया। राहुल गांधी को ईवीएम और बैलेट पेपर पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करना चाहिए।

सीएम मोहन यादव बोले- न्यायालय और जजों का अपमान करती रही कांग्रेस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग पर बेबुनियाद सवाल उठाने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला दिया, तब-तब पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय का अपमान किया। आपातकाल इसका बड़ा उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व में लंबे समय तक सत्ता चलाई, लेकिन अब सत्ता नहीं मिलने पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जनता के बीच रहने वाले और लोगों के दिलों पर राज करने वाले नेता हैं।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी राहुल गांधी को घेरा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए, लेकिन कांग्रेस अब तक कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाई है। कर्नाटक में भी आरोप लगाने के 477 दिन बाद तक जवाब नहीं दिया गया।

खंडेलवाल ने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के सहयोग से भारत को अस्थिर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी कथित अराजकता के विरोध में भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों के साथ विभिन्न समाजों के लोग पदयात्रा में शामिल हुए।

तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ता, यात्रा में दिखा उत्साह

पदयात्रा से पहले अटल पथ पर सभा आयोजित की गई, जिसमें सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद नड्डा और मुख्यमंत्री ने झंडा लहराकर पदयात्रा की शुरुआत की।

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा के रथ पर सवार जेपी नड्डा ने भी तिरंगा लहराया। रास्ते में कई स्थानों पर फूलों की बारिश की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को सांकेतिक रूप से रावण के रूप में भी प्रदर्शित किया। यात्रा में थर्ड जेंडर समुदाय के लोगों की भागीदारी भी देखने को मिली।

सभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री और डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान सहित कई नेता मौजूद रहे। मंत्री विश्वास सारंग भी समर्थकों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।

सभा के दौरान तीन तलाक लिखे बैनर को लेकर भी चर्चा रही। जानकारी के अनुसार, सभा में पहुंचीं कुछ मुस्लिम महिलाओं ने ऐसे बैनर लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बैनर एक तरफ रख दिए गए। भाजपा की यह पदयात्रा रोशनपुरा चौराहे तक पहुंची और दोपहर करीब 1:19 बजे समाप्त हुई। 

Post a Comment

Previous Post Next Post