Jabalpur News: भाईदूज की मिठाई खरीदकर लौट रहे युवकों को बदमाशों ने घेरकर मारे चाकू; हाथों पर पैर रखकर की गई मारपीट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत बग्गा इन होटल के पास वाली गली में पुरानी रंजिश और बदले की नीयत से सरेराह चाकूबाजी की खौफनाक वारदात सामने आई है। भाईदूज की मिठाई लेकर लौट रहे दो दोस्तों की स्कूटी को रोककर बदमाशों ने जमकर मारपीट की और एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रप्रकाश शर्मा (38), निवासी इंद्रा बस्ती गढ़ा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह तीन पत्ती बस स्टैंड पर गाड़ियों में कांच फिटिंग का काम करता है। दिनांक 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 4 बजे वह अपने दोस्त नरेंद्र सेठी उर्फ मोना के साथ सुप्तेश्वर गणेश मंदिर के पास स्थित गुप्ता स्वीट्स से भाईदूज की मिठाई लेने गया था। मिठाई लेकर लौटते समय नरेंद्र स्कूटी चला रहा था और चंद्रप्रकाश पीछे बैठा था।

जैसे ही वे शाम करीब 4:35 बजे होटल बग्गा इन के सामने वाली गली में होटल सनसाइन के पास पहुंचे, तभी स्कूटी सवार दुर्लभ उर्फ लक्ष्यपाल, अतुल साहू और गुड्डू विश्वकर्मा ने उनकी स्कूटी को साइड सटाकर रोक लिया। इसी दौरान दूसरी स्कूटी से हर्ष विश्वकर्मा और पाटन खान भी वहां पहुंच गए।

आरोपियों ने गाड़ियाँ रोकते ही गाली-गलौज करते हुए पुरानी रंजिश और उमर खान पर हुए हमले का बदला लेने की बात कही। दुर्लभ और अतुल ने स्कूटी पर लात मारकर दोनों को नीचे गिरा दिया। इसके बाद गुड्डू विश्वकर्मा, पाटन खान और दुर्लभ ने चाकू निकाल लिए। गुड्डू ने नरेंद्र पर पेट की तरफ चाकू से वार किया, जिससे बचने के प्रयास में चाकू नरेंद्र की पीठ पर लगा और वह नीचे गिर पड़ा।

इसके बाद अतुल साहू और हर्ष विश्वकर्मा ने नीचे गिरे नरेंद्र के हाथों पर पैर रख दिए, जबकि पाटन खान और दुर्लभ ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसके पैर की जांघ और पिंडली में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे चंद्रप्रकाश को भी गुड्डू विश्वकर्मा ने छाती पर लात मारकर गिरा दिया।

हमले के दौरान आरोपियों ने कहा कि शिब्बू खान को जेल भिजवाने और 8 दिन पहले उमर खान पर हुए हमले का बदला लेने के लिए वे उमर खान और सन्नो उर्फ शहनाज मंसूरी के कहने पर जान से मारने आए हैं। वारदात के बाद मौके पर निक्की रजक और शिवम पटेल पहुंचे, जिन्होंने घायल नरेंद्र को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया।

फरियादी की रिपोर्ट पर गढ़ा थाना पुलिस ने आरोपी दुर्लभ लक्ष्यपाल, अतुल साहू, गुड्डू विश्वकर्मा, हर्ष विश्वकर्मा, पाटन खान, उमर खान और सन्नो उर्फ शहनाज मंसूरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296(इ) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post