Jabalpur News: तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत; दो घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना अंतर्गत सोनपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोनपुर से घाना जाते समय हुआ हादसा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार कुशवाहा (निवासी ग्राम डूंडी पिपरिया, पोस्ट सुंदरपुर, थाना खमरिया) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सोनपुर में एमपी ऑनलाइन की दुकान संचालित करता है। दिनांक 10 नवंबर 2026 की रात करीब 8:15 बजे वह अपनी बाइक से सोनपुर से घाना जा रहा था। उसके आगे दूसरी बाइक (क्रमांक MP 20 ME 8093) पर कार्तिक कुशवाहा, अंकित गोटिया और रंजीत कुशवाहा भी सोनपुर से घाना जा रहे थे, जिसे कार्तिक कुशवाहा चला रहा था।

जब वे सोनपुर मोड़ से घाना रोड पुलिया के पास पहुँचे, तभी सामने से आ रहे हार्वेस्टर (क्रमांक MP 04 DB 2535) के चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

अस्पताल में डॉक्टर ने एक को घोषित किया मृत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कार्तिक कुशवाहा बेहोश हो गया। घटना के बाद घायलों को तत्काल ओएफके अस्पताल खमरिया ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अंकित गोटिया और रंजीत कुशवाहा को रेफर कर दिया, जबकि 25 वर्षीय कार्तिक कुशवाहा को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आरोपी हार्वेस्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post