दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। देश की 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 18 जून से आरंभ होने की संभावना है। इस सत्र की शुरुआत सदन के सदस्यों के रूप में नवनिर्वाचित उम्मीदवारों के शपथ ग्रहण के साथ होगी। जानकारी के अनुसार, तीन दिन तक सांसदों की शपथ होगी। 20 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव संपन्न हो सकता है, जबकि 21 जून को राष्ट्रपति का संबोधन होने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी, और इस तरह सत्र का औपचारिक उद्घाटन होगा। सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिपरिषद के सदस्यों का दोनों सदनों से परिचय भी कराएंगे।
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। शपथ ग्रहण समारोह में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड', मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ शामिल हुए थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगाई है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी अजय राय को डेढ़ लाख से अधिक वोटों से हराया।
2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए के खाते में 293 सीटें आई हैं, जबकि इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने 234 सीटों पर जीत दर्ज की। अन्य दलों के खाते में 17 सीटें आईं। भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिसमें उसने 240 सीटों पर जीत हासिल की है।