Jabalpur News: हत्या के आरोपी तो पड़ गए लेकिन पुलिसिंग पर सवालिया निशान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुभम भूमरडे की हत्या के आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है और हत्या के कारण का भी खुलासा कर दिया है। लेकिन इस घटना ने पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्या के दिन शहर में कम्पिंग पुलिस गश्त कर रही थी, फिर भी मुख्य सड़क पर अपराधी बेखौफ होकर हत्या को अंजाम दे गए। यह दर्शाता है कि रात के समय अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस की उपस्थिति के बावजूद घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े होते हैं।

शांत क्षेत्र में भी अपराधियों के हौसले बुलंद

पहले जो क्षेत्र शांत कहे जाते थे, जैसे सिविल लाइन क्षेत्र, जहां प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के निवास हैं, वहां अब अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने हत्या हो रही है और जेल गेट के सामने प्रहरी को धमकी दी जा रही है। पुलिस की निष्क्रियता के कारण इन क्षेत्रों में भी अपराध बढ़ रहे हैं। मोबाइल गोदाम चौराहा और डिलाइट जैसे इलाकों में रात भर अपराधियों का डेरा जमा रहता है।

अवैध शराब बिक्री से बढ़ रहे अपराध

अपराध का एक प्रमुख कारण नशा भी है। शहर के कई क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जैसे शीतला माई के पीछे, प्रेम सागर, कुम्हार मोहल्ला, और कांच घर के आसपास। यहां अवैध शराब बिक्री का एक संगठित नेटवर्क बना हुआ है। शराब दुकानें 11:30 बजे बंद हो जाती हैं, लेकिन उनकी बाजू की खिड़की और शटर के नीचे से पूरी रात शराब बेची जाती है। पुलिस इन इलाकों में गश्त करती है, लेकिन अवैध गतिविधियों को नजरअंदाज करती है। सूत्रों के अनुसार, शराब ठेकेदार द्वारा पुलिस को मोटी रकम पहुंचाई जाती है, जिससे पुलिस की मिलीभगत का भी संदेह होता है।

इस घटनाक्रम में घायल मानस श्रीवास्तव का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post