दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। कनाडिया इलाके में 15 साल 9 महीने की नाबालिग ने अपने पड़ोस में रहने वाले युवक पर रेप का केस दर्ज कराया है। आरोपी पिछले दो साल से पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। उसकी हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने अपने माता-पिता से शादी कराने की गुहार लगाई थी। मां ने रिश्ता ढूंढा और सगाई के लिए जब परिवार राजस्थान पहुंचा, तो आरोपी ने ही बाल विवाह रोकने के लिए चाइल्ड लाइन से शिकायत कर दी।
इंदौर बाल कल्याण की टीम ने राजस्थान चाइल्ड लाइन से संपर्क किया और वहां की टीम वर पक्ष के घर पहुंची। बाद में यह मामला इंदौर ट्रांसफर हुआ, तब जाकर रेप और ब्लैकमेल की सच्चाई सामने आई। चाइल्ड लाइन टीम से बातचीत में पीड़िता ने बताया कि वह बालिग होने पर ही शादी करना चाहती थी, लेकिन आरोपी द्वारा लगातार शोषण किए जाने से परेशान होकर उसने परिवार से शादी कराने की बात कही थी।
कनाडिया पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह 10वीं तक पढ़ी है। दो साल पहले वह कनाडिया इलाके की एक बिल्डिंग में रहती थी, जहाँ ऊपर के फ्लोर पर आरोपी भी रहता था। लिफ्ट में आने-जाने के दौरान उनकी बातचीत शुरू हुई और फिर आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। पीड़िता के पास खुद का मोबाइल नहीं था, लेकिन माँ का मोबाइल घर पर ही रहता था।
दोनों के बीच एक-दो बार वीडियो कॉल पर बातचीत हुई, जिसके स्क्रीनशॉट्स लेकर आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह धमकी देता था कि यदि पीड़िता उससे बात नहीं करेगी तो वह सबको बता देगा कि उनका अफेयर है। आरोपी ने यह भी कहा कि वह उसे पसंद करता है, लेकिन पीड़िता ने इस बात से इनकार कर दिया। तब आरोपी ने धमकी दी कि वह खुद को मार देगा और उसे भी मार देगा। इन सभी धमकियों से डरकर पीड़िता आरोपी से बात करने लगी।
