दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर । गढ़ा पुलिस ने एक युवक को देशी सूअर मारा बम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक रामायण मंदिर के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वहां पहुंचकर युवक को घेर लिया। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक पानी में लिपटा हुआ देसी सूअर मारा बम बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान शेख बरकत उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो एमपीबीइबी कॉलोनी के छुई खदान के पीछे का निवासी है। शेख बरकत क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश है और उसके खिलाफ गढ़ा थाने में कई अपराध पंजीबद्ध हैं।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह इस बम के साथ क्या करने की योजना बना रहा था।
